मीरजापुर 12 अप्रैल (आरएनएस)। थाना कोतवाली कटरा अतर्गत जंगी रोड स्थित दयावंत पुरम कॉलोनी में नशेडिय़ों व चोरों का आतंक व्याप्त है, जिससे आम जनों का जीना दूभर हो गया है। अभी कल शनिवार को रात दस बजे एक चोर बाइक चुराने की नाकाम कोशिश करते हुए कैमरे में देखा गया, जो स्थानीय निवासी के आते ही बाइक छोड़ कर भाग खड़ा हुआ।
सांझ ढलते ही इस कॉलोनी में नशे का चलता फिरता व्यापार चालू हो जाता है और साथ ही नशेडियों का जमावड़ा भी। फिर नशे की हद को पार कर चुके इन नशेडिय़ों की हरकतों का अंदाजा लगा पाना मुश्किल हो जाता है, किसी के भी साथ अभद्र व्यवहार व सरेआम अश्लील भाषा का प्रयोग महिलाओं व बच्चों के लिए अशोभनीय स्थिति पैदा कर देता है। नशे की चाहत में कुछ भी कर गुजरने को तैयार इन चोरों के बुलंद होते हौसलों का ही प्रमाण है कि सुरक्षा की दृष्टि से कॉलोनी में लगे सोलर लाईट तक को ही ये चुरा ले गए। किसी भी घर के बाहर खड़े साइकिल व स्कूटी – बाइक तो इनके निशाने पर रहती ही है, साथ ही किसी भी बंद घर का ताला चटका देना इनके बाएं हाथ का काम हो गया है। पुलिस कर्मियों का निरंतर गश्त न करना भी इस क्षेत्र को अनैतिक कामों के लिए पूरी तरह मुफीद बनाता है और जुआ तो यहां पर बारहों महीने – तीसों दिन का व्यवसाय हो चुका है। पूरी तरह नशे और जुए की गिरफ्त में आ चुके नौजवानों के लिए कॉलोनी में व्याप्त अंधेरा सोने में सुहागे का काम करता है, ज्ञातव्य हो कि कॉलोनी में बीस की संख्या में लगे खंभों पर एक भी स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नगर पालिका द्वारा नहीं की गई है। कॉलोनीवासियों ने अपने संसाधनों से कुछ खंभों पर स्ट्रीट लाइट लगवाई तो है, परन्तु इतनी बड़ी कॉलोनी में यह चंद लाइटें ऊंट के मुंह में जीरे के समान ही हैं।ऐसी स्थिति में दयावंत पुरम कॉलोनी आवासीय कल्याण समिति के अध्यक्ष डॉ. शक्ति श्रीवास्तव, सचिव अरविंद कुमार गुप्ता, रविन्द्र कुमार शुक्ला, अमित सिंह पटेल, रवि केशरवानी, कुलश्रेष्ठ सिंह, एड. सिद्धार्थ अग्रहरी, अरुण मिश्र, एड. अमित श्रीवास्तव, संदीप सोनकर, शिव मुरारी सिंह, पंकज श्रीवास्तव, भानु प्रताप मौर्य, मनोज राय व राजेश गुप्ता इत्यादि ने नगर पालिका प्रशासन से कॉलोनी में पर्याप्त स्ट्रीट लाइट लगवाए जाने तथा पुलिस प्रशासन से कानून व्यवस्था की धमक बनाए रखने हेतु इस क्षेत्र को अनैतिक गतिविधियों से मुक्त कराए जाने की मांग की है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

