– बाग में संदिग्ध हालत में मिला शव, फॉरेंसिक टीम जुटी जांच में,परिजनों में मचा कोहराम
सीतापुर 12 अप्रैल (आरएनएस)। जनपद के पिसावा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान कुतुबनगर निवासी शिवराज के रूप में हुई है, जो शनिवार रात से लापता थे। परिजनों के अनुसार, शिवराज शनिवार रात करीब 10 बजे के बाद घर नहीं लौटे, जिसके बाद उनकी तलाश शुरू की गई लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। रविवार दोपहर गांव के लोगों से सूचना मिली कि कुतुबनगर-दधनामऊ मार्ग स्थित अजहर शाह की बाग में एक शव पेड़ से लटका हुआ है। मौके पर पहुंचने पर परिजनों ने शव की पहचान शिवराज के रूप में की। सूचना मिलते ही पिसावा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। घटना की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर अहम साक्ष्य जुटाए हैं। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध माना जा रहा है, और पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी है। चैकी प्रभारी सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि युवक की मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

