-खिड़की से घुसे हमलावरों ने बरसाईं गोलियां, 3 साल का मासूम भी घायल,फोरेंसिक जांच शुरू
सीतापुर 12 अप्रैल (आरएनएस)। जनपद के सदरपुर थाना क्षेत्र के तुरनी गांव में रविवार देर रात दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां अज्ञात हमलावरों ने घर में सो रहे पिता-पुत्र पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार, तुरनी गांव निवासी सुनील कुमार मौर्य (30) अपने तीन वर्षीय बेटे अभय के साथ कमरे में चारपाई पर सो रहे थे, जबकि पास ही उनके ससुर रामलखन तख्त पर लेटे हुए थे। रात करीब तीन बजे पूरब दिशा की खिड़की से अचानक हमलावरों ने फायरिंग शुरू कर दी। गोली के छर्रे सुनील के गर्दन, हाथ और पैर में लगे, जबकि मासूम अभय के पैर में गोली लगी। घटना को और भी संदिग्ध बनाता है कि वारदात से पहले घर की बिजली काट दी गई थी। सुनील के भाई किशोरी लाल के मुताबिक, सुबह जांच करने पर पांडे बाबा मंदिर के पास बिजली का केबल कटा मिला, जिससे यह हमला सुनियोजित साजिश का हिस्सा प्रतीत हो रहा है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सदरपुर मुकेश वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को तत्काल सीएचसी बिसवां भेजा गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। सीओ वेद प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है और हमलावरों की तलाश जारी है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

