– तेज धूप में निकले युवा, 2027 मिशन का भी किया ऐलान,बिसवां में हुआ जोरदार स्वागत
सीतापुर 12 अप्रैल (आरएनएस)। जनपद के सकरन क्षेत्र के जालिम नगर मुडेरवा गांव से समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता साइकिल यात्रा पर लखनऊ के लिए रवाना हुए। ये सभी कार्यकर्ता 14 अप्रैल को बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की जयंती समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ मनाएंगे। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने अपनी साइकिलों पर बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र और समाजवादी पार्टी के झंडे लगाए, जिससे पूरे रास्ते में एक अलग ही जोश और उत्साह देखने को मिला। बिसवां पहुंचने पर सपा के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी अफजाल कौसर ने कार्यकर्ताओं का स्वागत किया और उनके भोजन की व्यवस्था कराई। कार्यकर्ताओं ने बताया कि यह साइकिल यात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि 2027 विधानसभा चुनाव तक चलने वाला अभियान है। उनका कहना है कि वे जनता के बीच जाकर समाजवादी विचारधारा को मजबूत करेंगे। इस दौरान अफजाल कौसर ने कहा कि कार्यकर्ता कड़ी धूप और तेज हवाओं के बीच भी पूरे जोश के साथ प्रदेश कार्यालय लखनऊ के लिए निकले हैं। उन्होंने कहा कि सपा का उद्देश्य सांप्रदायिक ताकतों का मुकाबला कर 2027 में पार्टी का परचम लहराना है, ताकि सभी वर्गों को सामाजिक न्याय और अधिकार मिल सके। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं का रात्रि विश्राम सिधौली विधानसभा स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में होगा। इसके बाद वे अगले दिन लखनऊ के लिए रवाना होकर राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात करेंगे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

