सीतापुर 12 अप्रैल (आरएनएस)। अटरिया स्थित हिंद मेडिकल कॉलेज में मरीज के साथ कथित गंभीर लापरवाही के वायरल वीडियो ने प्रशासन को सख्त कदम उठाने पर मजबूर कर दिया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. और मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एम.एल. गंगवार ने तत्काल प्रभाव से तीन सदस्यीय जांच समिति गठित कर दी है। जारी आदेश के अनुसार, उपजिलाधिकारी (न्यायिक) सिधौली सुश्री अंजलि सिंह को जांच अधिकारी बनाया गया है, जबकि सीएचसी सिधौली के अधीक्षक डॉ. आनंद कुमार सिंह और जिला चिकित्सालय के सर्जन डॉ. अनूप कुमार को सदस्य नामित किया गया है। समिति को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वह स्थलीय और अभिलेखीय जांच करते हुए मात्र एक कार्य दिवस में अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करे। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई तय है। वायरल वीडियो के सामने आने के बाद स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अब निगाहें जांच समिति की रिपोर्ट पर टिकी हैं, जो यह तय करेगी कि मरीज के साथ हुई लापरवाही के लिए आखिर जिम्मेदार कौन है और क्या कार्रवाई होगी।
इनसेट
नशे में इलाज का आरोप: डॉक्टर पर गिरी गाज, 24 घंटे में रिपोर्ट तलब
सीतापुर। परसेंडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात डॉक्टर विनोद कुमार पर नशे की हालत में मरीजों का इलाज करने के आरोप ने स्वास्थ्य विभाग को हिला दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद प्रशासन ने तत्काल सख्ती दिखाते हुए जांच समिति गठित कर दी है। जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. के निर्देश पर उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एम.एल. गंगवार और तहसीलदार मनीष त्रिपाठी को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। समिति को एक कार्य दिवस के भीतर स्थलीय और अभिलेखीय जांच कर रिपोर्ट सौंपने के आदेश दिए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मरीजों की जान से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। अब पूरे मामले में दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई तय मानी जा रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

