भोपाल 12 अप्रैल (आरएनएस)। एमपी नगर जोन-1 में रविवार सुबह अचानक ट्रांसफार्मर में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। ज्योति टॉकीज के पास आनंद नमकीन के सामने हुए इस हादसे में की चपेट में फॉच्र्यूनर कार आ गई। देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें तेज होती गईं।
स्थानीय लोगों ने सुबह करीब 10:35 बजे फायर कंट्रोल रूम को सूचना दी। फायर ब्रिगेड के पहुंचने तक आग ने बिल्डिंग को भी चपेट में ले लिया। बिल्डिंग में धुआं भर गया। पुल बोगदा और माता मंदिर से आई 2 दमकलों ने आग पर काबू पा लिया।
कार ट्रांसफॉर्मर के बेहद करीब खड़ी थी। पास में मैकेनिक की दुकान थी। पहले स्पार्किंग हुई, फिर धमाका हुआ। ट्रांसफॉर्मर में तेल होने से आग तेजी से फैल गई और कार चपेट में आ गई। कार बिल्डिंग से सटी खड़ी थी, जिससे आग की लपटें बिल्डिंग तक पहुंच गईं।
ग्राउंड फ्लोर का मुख्य गेट जल गया और ऊपर तक धुआं भर गया। दमकल ने समय रहते आग पर काबू पा लिया। जली हुई कार सेकेंड हैंड थी, कीमत करीब 18 लाख रुपए बताई जा रही है।
एमपी नगर थाना प्रभारी जयहिंद शर्मा ने बताया कि आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, कोई जनहानि नहीं हुई। भीड़ को रोकने के लिए पुलिस बल तैनात था। ट्रांसफॉर्मर में स्पार्किंग से आग लगने की आशंका है। फॉच्र्यूनर कार रिपेयरिंग के लिए आई थी। जांच जारी है।

