देवास 12 अप्रैल आरएनएस)। भोपाल हाईवे पर नेवरी फाटा के पास शनिवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों में दो सगे भाई भी शामिल हैं। हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर फैल गई।
जानकारी के अनुसार रात करीब डेढ़ बजे एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई। बताया जा रहा है कि पीछे से किसी अज्ञात वाहन ने कार को जोरदार टक्कर मारी, जिसके बाद वाहन सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में मोहित नागर (22), शुभम नागर (24) और प्रदीप नागर (20) की मौके पर ही मौत हो गई। इनमें शुभम और प्रदीप सगे भाई थे। सभी युवक किसान परिवार से थे और आपस में रिश्तेदार भी थे।परिजनों के अनुसार सभी युवक अपने दादाजी की तेरहवीं के कार्यक्रम के लिए सामान लेने सोनकच्छ गए थे। देर रात लौटते समय यह हादसा हो गया। हादसे के समय मोहित कार चला रहा था।
हादसे में सचिन नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद हालत नाजुक होने पर निजी अस्पताल रेफर किया गया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

