दमोह।(आरएनएस)।जिले के थाना बटियागढ़ क्षेत्र में डायल-112 जवानों की तत्पर एवं संवेदनशील कार्रवाई से मोटरसाइकिल एवं ट्रक की टक्कर में घायल तीन व्यक्तियों को समय पर अस्पताल पहुँचाकर उपचार उपलब्ध कराया गया। इस त्वरित कार्रवाई से घायलों को शीघ्र चिकित्सकीय सहायता मिल सकी।
दिनांक 11 अप्रैल को राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112, भोपाल को सूचना प्राप्त हुई कि थाना बटियागढ़ क्षेत्र में मोटरसाइकिल एवं ट्रक की आपस में टक्कर हो गई है, जिसमें 03 व्यक्ति घायल हो गए हैं। तत्काल पुलिस सहायता की आवश्यकता है। सूचना प्राप्त होते ही थाना बटियागढ़ क्षेत्र में तैनात डायल-112 एफआरव्ही वाहन को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
मौके पर पहुँचकर डायल-112 स्टाफ आरक्षक राकेश सिंह एवं पायलट इदरीश खान ने पाया कि दुर्घटना में एक महिला, एक पुरुष एवं एक बच्ची घायल हो गए थे।
डायल-112 जवानों ने तत्परता एवं मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए सभी घायलों को तत्काल एफआरव्ही वाहन से अस्पताल पहुँचाया।
डायल-112 की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई से घायलों को समय पर उपचार उपलब्ध हो सका। डायल-112 हीरोज श्रृंखला के अंतर्गत यह घटना दर्शाती है कि मध्यप्रदेश पुलिस की डायल-112 सेवा आपात परिस्थितियों में आमजन की सहायता हेतु सदैव सजग, संवेदनशील एवं प्रतिबद्ध है।

