०विधायक विक्रम मंडावी बोले— बेटी बचाओ का नारा सिर्फ कागजों में, दोषियों पर हो सख्त कार्रवाई
बीजापुर,13 अप्रैल (आरएनएस)। बीजापुर जिले के भैरमगढ़ थाना क्षेत्र में हाल ही में एक नाबालिग बालिका के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म की जघन्य घटना के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी बीजापुर ने सोमवार को जिला मुख्यालय में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रेस वार्ता आयोजित कर भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री विजय शर्मा का पुतला दहन किया। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए विधायक विक्रम मंडावी ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा सरकार बनने के बाद से बीजापुर सहित पूरे बस्तर संभाग में महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई मामलों में भाजपा से जुड़े लोगों की संलिप्तता सामने आ रही है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था कमजोर पड़ चुकी है। विधायक मंडावी ने कहा कि एक ओर सरकार बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा देती है, वहीं दूसरी ओर बच्चियों के साथ दरिंदगी की घटनाएं हो रही हैं, जो बेहद शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में न तो महिलाएं सुरक्षित हैं और न ही आम नागरिक, और सरकार के पास इन घटनाओं को रोकने के लिए कोई ठोस योजना नजर नहीं आती। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही प्रभावी कदम नहीं उठाए, तो कांग्रेस आने वाले समय में और उग्र आंदोलन करेगी। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने की मांग भी की। इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष लालू राठौर, जिला पंचायत सदस्य नीना रावतिया उद्दे, जनपद अध्यक्ष सोनू पोटाम, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष बेनहुर रावतिया, मीडिया प्रभारी राजेश जैन, पूर्व युवा आयोग सदस्य प्रवीण डोंगरे, शहर कांग्रेस अध्यक्ष पुरुषोत्तम खत्री सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

