-टला बड़ा हादसा, गोदाम में रखी शराब की खेप सुरक्षित
अयोध्या 13 अप्रैल (आरएनएस)। शहर के नाका चुंगी स्थित आबकारी विभाग के गोदाम परिसर में मंगलवार दोपहर अज्ञात कारणों से झाडिय़ों में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया और गोदाम में रखी शराब की खेप सुरक्षित रही। मौके पर मौजूद कर्मचारियों के अनुसार, परिसर की झाडिय़ों से अचानक धुआं उठता देख हड़कंप मच गया। कर्मचारियों ने तत्काल आबकारी के अधिकारियों और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की चार गाडिय़ां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का कार्य शुरू किया।
दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। करीब एक घंटे की लगातार कोशिश के बाद आग को पूरी तरह बुझा लिया गया। जिला आबकारी अधिकारी सुरेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि नाका चुंगी में आबकारी विभाग के तीन गोदाम संचालित हैं। जिस परिसर में आग लगी, वहां लॉडर्स डिस्टलरी लिमिटेड (सीएल-2) और रेडिको खैतान लिमिटेड का देशी शराब गोदाम स्थित है। उन्होंने बताया कि आग केवल झाडिय़ों तक सीमित रही और समय रहते बुझा ली गई, जिससे गोदाम और उसमें रखा स्टॉक पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि फिलहाल स्थिति सामान्य है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

