-दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम
-पेंशन योजना से हजारों परिवारों को आर्थिक राहत
अयोध्या 13 अप्रैल (आरएनएस)। जनपद में दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की महत्वाकांक्षी दिव्यांगजन पेंशन योजना के तहत अप्रैल 2017 से मार्च 2026 तक कुल 11,527 दिव्यांगजनों को 4,337.01 लाख रुपये की धनराशि वितरित की गई है। यह योजना दिव्यांग व्यक्तियों को आर्थिक सहायता प्रदान कर उनके जीवन को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित हो रही है। इस योजना के अंतर्गत कम से कम 40 प्रतिशत विकलांगता वाले पात्र दिव्यांगजनों को मासिक पेंशन दी जाती है। उत्तर प्रदेश सरकार ने पिछले वर्षों में पेंशन राशि को क्रमश: बढ़ाते हुए वर्तमान में 1,000 रुपये प्रतिमाह कर दिया है, जिससे हजारों परिवारों को सीधा लाभ पहुंच रहा है। अयोध्या में वितरित की गई यह राशि न केवल दिव्यांगजनों के दैनिक खर्चों में सहारा बन रही है, बल्कि उनके परिवारों पर पडऩे वाले आर्थिक बोझ को भी काफी हद तक कम कर रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली उत्तर प्रदेश सरकार ने समाज के कमजोर वर्गों के कल्याण के लिए कई जनकल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं, जिनमें दिव्यांगजन पेंशन योजना प्रमुख है। यह योजना दिव्यांगजनों को मुख्यधारा से जोडऩे और उन्हें सम्मानजनक जीवन प्रदान करने का मजबूत माध्यम बन गई है। डीबीटी के माध्यम से पेंशन राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंचाई जा रही है, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित हो रही है और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगा है। अयोध्या जिले में इस योजना का असर साफ दिख रहा है। हजारों दिव्यांगजन अब अपनी छोटी-मोटी जरूरतों को स्वयं पूरा कर पा रहे हैं। कई लाभार्थी बताते हैं कि पेंशन राशि से उन्हें दवाइयां, परिवहन और अन्य आवश्यकताओं को पूरा करने में आसानी हो रही है। सरकार का प्रयास है कि कोई भी दिव्यांग व्यक्ति आर्थिक अभाव के कारण पीछे न छूटे।
जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी चंद्रेश त्रिपाठी ने बताया कि पात्रता के लिए विकलांगता प्रमाणपत्र अनिवार्य है और पारिवारिक आय की सीमा का भी ध्यान रखा जाता है। योजना का लाभ उठाने के लिए संबंधित तहसील या जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है। यह वितरण समाज के कमजोर वर्गों के लिए मजबूत सुरक्षा कवच साबित हो रहा है। सरकार निरंतर दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के लिए कार्य कर रही है। आने वाले समय में भी ऐसी योजनाओं को और प्रभावी बनाकर अधिक से अधिक दिव्यांगजनों तक पहुंचाने का प्रयास जारी रहेगा। अयोध्या में दिव्यांगजन पेंशन योजना न केवल आर्थिक सहायता दे रही है, बल्कि सामाजिक समावेश और समानता की भावना को भी मजबूत कर रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

