दरवाजा फांदकर पेड़ के सहारे घर में घुसा चोर, 5 लाख कैश और जेवर ले गया
प्रयागराज 13 अप्रैल (आरएनएस)। कैंट थाना क्षेत्र के राजापुर में रिटायर प्रोफेसर मैनुद्दीन अंसारी के घर से चोरों ने 50 लाख का माल पार कर दिया। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दिया है कि दरवाजा फांदकर चोर भीतर लगे पेड़ के सहारे घर में दाखिल हुआ। इसके बाद पांच लाख केश व कीमती जेवर उड़ा दिए। घटना के वक्त प्रोफेसर परिवार समेत बाहर थे और घर में ताला लगा हुआ था। सूचना पर पुलिस पहुंची और जांच पड़ताल की लेकिन चोरों के बारे में कुछ पता नहीं चल सका। पीडि़त ने तहरीर दी है और पुलिस फुटेज के जरिए चोरों को चिह्नित करने में जुटी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मैनुद्दीन अंसारी आईईआरटी में प्रोफेसर पद से 2016 में रिटायर हुए थे। उनका एक बेटा नाइजीरिया में इंजीनियर है और दूसरा बेटा इलेक्ट्रिक का काम करता है। वह राजापुर में परिवार समेत रहते हैं।
उन्होंने बताया, एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने के लिए वह परिवार समेत 10 अप्रैल को गोरखपुर चले गए थे। घर में ताला बंद था। सोमवार सुबह पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने फोन कर बताया कि उनके घर के दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। आज दोपहर में घर लौटे तो देखा कि मेन दरवाजे का ताला टूटा पड़ा था। भीतर जाने पर कमरों व चार आलमारी के लॉकर भी टूटे मिले। घर का सारा सामान फैला पड़ा था और कीमती जेवर व पांच लाख कैश गायब था। चोरी गए जेवर सोने व चांदी के थे जिनका मूल्य लगभग 45 लाख था।
सूचना देने पर सबसे पहले डायल 112 पुलिस पहुंची। इसके बाद राजापुर चौकी पुलिस भी आई। जांच पड़ताल के बाद पुलिस वापस चली गई। पीडि़त की ओर से कैंट थाने में तहरीर दी गई।
चोरी की वारदात अंजाम देने वाले बदमाशों की तस्वीर पास ही लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। फुटेज से यह भी पता चला कि चोर करीब 58 मिनट घर के भीतर रहा। इस दौरान उसका एक साथी बाहर टहलता रहा। एक चोर रात 2:30 मिनट पर घर का मेन दरवाजा फांदकर भीतर की ओर लगे पेड़ के सहारे नीचे उतरकर घर में दाखिल हुआ। इत्मिनान से पूरा सामान समेटने के बाद वह 3:28 मिनट पर उसी रास्ते से निकल भागा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

