लखनऊ 14 अप्रैल (आरएनएस )। भारतीय संविधान के निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती के अवसर पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने राजधानी के हजरतगंज स्थित बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।प्रदेश प्रवक्ता डॉ. उमा शंकर पाण्डेय ने बताया कि इसके बाद उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में अजय राय की अध्यक्षता में विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसका संचालन उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी कंट्रोल रूम के प्रभारी विजय बहादुर ने किया।गोष्ठी को संबोधित करते हुए अजय राय ने कहा कि बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर ने भारतीय समाज को समानता, न्याय और अधिकारों का जो मार्ग दिखाया, वह आज भी प्रासंगिक है। उनका जीवन संघर्ष और समर्पण का प्रतीक है, जिससे प्रत्येक नागरिक को प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों को मुख्यधारा में लाने के लिए जो कार्य किए, वे सदैव स्मरणीय रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि समाज के दलित और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए जो कार्य बाबा साहब ने किए थे, उसी दिशा में राहुल गांधी कार्य कर रहे हैं।गोष्ठी में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी विचार विभाग के चेयरमैन एच.एल. दुसाध ने कहा कि राहुल गांधी का दलित, शोषित और पिछड़े वर्गों के लिए किया जा रहा संघर्ष प्रेरणादायी है। पूर्व विधायक श्याम किशोर शुक्ला, अनीस अंसारी, डॉ. लालती देवी, प्रो. आर.बी. बौद्ध, आसिफ रिजवी, पुष्पेन्द्र श्रीवास्तव, डॉ. अमित राय, सलमान बशर और नरेश वाल्मीकि सहित अन्य वक्ताओं ने भी बाबा साहब के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके द्वारा निर्मित संविधान की महत्ता पर चर्चा की।कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी मीडिया विभाग के वाइस चेयरमैन मनीष हिंदवी, प्रदेश ज्वाइनिंग प्रभारी नितिन शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. उमा शंकर पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बाबा साहब को श्रद्धासुमन अर्पित किए।इसके अतिरिक्त बाबा साहब की जयंती के अवसर पर ऑक्सीजनमैन फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं कांग्रेस नेता राजेश जायसवाल द्वारा गोमती नगर स्थित अंबेडकर पार्क के सामने भंडारे का आयोजन किया गया। वहीं जनपद बाराबंकी में पूर्व सांसद ए.पी. गौतम एवं जयंत गौतम द्वारा समाज सेवा संस्थान में जयंती समारोह आयोजित किया गया, जिसमें अजय राय ने शामिल होकर बाबा साहब को श्रद्धांजलि अर्पित की।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

