लखनऊ 14 अप्रैल (आरएनएस )। थाना कृष्णानगर पुलिस एवं सर्विलांस सेल जोन दक्षिणी टीम ने लूट व चोरी की घटनाओं में वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामिया अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में ज्वैलरी एवं नगदी बरामद की है। पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।पुलिस के अनुसार, 14 फरवरी 2026, 6 मार्च 2026 तथा 19 मार्च 2026 को थाना कृष्णानगर क्षेत्र में अलग-अलग वादियों द्वारा घर में घुसकर चोरी किए जाने की घटनाओं के संबंध में मुकदमे दर्ज कराए गए थे। इन मामलों में अज्ञात चोरों द्वारा घरों से जेवरात व नगदी चोरी की गई थी।जांच के दौरान प्रकाश में आए एक अभियुक्त शुभम सोनी को 21 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। वहीं दूसरे अभियुक्त विपिन पुत्र गंगाराम को 11 अप्रैल 2026 को डूडा कॉलोनी आशाराम बापू मार्ग पर चेकिंग के दौरान हुई पुलिस मुठभेड़ के बाद आत्मसमर्पण करने पर गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।पुलिस उपायुक्त दक्षिणी द्वारा अभियुक्त कुलदीप यादव पुत्र रमेश यादव निवासी निजामपुर मल्हौर पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। वांछित चल रहे इस अभियुक्त को तकनीकी एवं मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर 14 अप्रैल 2026 को केसरी खेड़ा रेलवे लाइन के पास रामबाबू यादव की जमीन में बनी झोपड़ी से गिरफ्तार किया गया।गिरफ्तार अभियुक्त कुलदीप यादव की उम्र लगभग 37 वर्ष बताई जा रही है। उसके विरुद्ध थाना कृष्णानगर एवं पीजीआई में चोरी सहित विभिन्न धाराओं में कुल सात मुकदमे दर्ज हैं।पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से एक जोड़ी बिछिया, चार कंगन, चार अंगूठियां, दो नोज रिंग, एक जोड़ी झुमकी, एक जोड़ी कान की बाली, एक लॉकेट, एक नथिनी, एक हार, एक मंगलसूत्र तथा दस रुपये के 93 नोटों की गड्डी बरामद की है। बरामद ज्वैलरी की अनुमानित कीमत लगभग आठ लाख रुपये बताई गई है।यह गिरफ्तारी थाना कृष्णानगर पुलिस एवं सर्विलांस टीम, पुलिस उपायुक्त दक्षिणी, कमिश्नरेट लखनऊ के निर्देशन में की गई।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

