जालंधर 15 April, (Rns) : पंजाब से आप के राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल के 9 ठिकानों पर ईडी ने रेड की है। जानकारी के मुताबिक ईडी की टीमें जालंधर में उनके घर, यूनिवर्सिटी समेत अन्य कारोबारी ठिकानों पर जांच कर रहीं हैं। उनके घर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। अशोक मित्तल इस वक्त अपने जालंधर स्थित घर में मौजूद हैं।
बता दें कुछ दिन पहले ही AAP ने सांसद राघव चड्ढा को राज्यसभा के उपनेता पद से हटा दिया था। इसके बाद अशोक मित्तल को उपनेता बनाया गया। अशोक पंजाब की लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के फाउंडर और चांसलर हैं। वे 2022 में राज्यसभा सांसद बने थे।
जानकारी के मुताबिक ED की टीमों ने जालंधर और फगवाड़ा में लवली ग्रुप के कई ठिकानों पर छापेमारी की है जिसमें, लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, लवली ऑटोज, लवली स्वीट्स और लवली डिस्टेंस एजुकेशन सेंटर शामिल हैं। इसके अलावा, मित्तल के परिवार से जुड़े आवासीय और व्यावसायिक परिसरों पर भी जांच की जा रही है, जिनमें उनके भाई रमेश मित्तल और नरेश मित्तल के ठिकाने शामिल हैं।
वहीं इस छापेमारी के बाद पंजाब की सियासत गरमा गई है। अगले साल पंजाब में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इस कार्रवाई को चुनावों के साथ भी जोड़ा जा रहा है। इस बीच पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ‘एक्स’ पर लिखा- भाजपा द्वारा पंजाब चुनाव की तैयारी शुरू… आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल के घर और यूनिवर्सिटी में ED की रेड.. टिपिकल मोदी स्टाइल..। हम वो पत्ते नहीं, जो शाख से टूट कर गिर जाएंगे। आंधियों को कह दो अपनी औकात में रहे।
वहीं दूसरी तरफ आप संयोजक केजरीवाल ने कहा- मोदी जी ने पंजाब में चुनावों की तैयारी शुरू कर दी। लेकिन पंजाब के लोग ये बर्दाश्त नहीं करेंगे। बीजेपी को इसका करारा जवाब देंगे।

