सिरसा 15 अप्रैल (आरएनएस)। सिरसा लोकसभा सांसद कुमारी सैलजा, सिरसा विधायक गोकुल सेतिया, कालांवाली विधायक शीशपाल केहरवाला ने बीते दिवस मंडी का निरीक्षण किया। हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के शहरी प्रधान कीर्ति गर्ग ने बताया कि इस निरीक्षण के दौरान आढ़तियों व मजदूरों ने जनप्रतिनिधियों को अपनी-अपनी समस्याएं बताई, जिसपर सांसद ने कहा कि सरकार ने पोर्टल का खेल चलाकर किसानों के साथ-साथ आढ़तियों को भी परेशानी में डाल दिया है। पोर्टल से सुविधा की बजाय परेशानी बढ़ गई है, क्योंकि लाइट चली जाए तो ये काम नहीं करता, कनैक्टिविटी न हो तो, ओवरलोड हो जाए तो भी ये काम नहीं करता। ऐसे में इस प्रकार के पोर्टल का कोई औचित्य नहीं रह जाता। कीर्ति गर्ग ने कहा कि कुछ दिन पूर्व प्रदेश के कृषि मंत्री ने कहा था कि हम रूस और चीन की बराबरी कर रहे हैं। मैं कृषि मंत्री से ये पूछना चाहता हूं कि रूस और चीन की बराबरी के लिए उन देशों जैसा सॉफ्टवेयर चाहिए। कभी उन देशों में किसानों की लाइनें लगी देखी है। किसी भी देश की बराबरी करना अच्छी बात है, लेकिन पहले उसके जैसी आधुनिक सुविधाएं तो उपलब्ध करवाई जाए। गर्ग ने कहा कि कहने और करने में बड़ा फर्क है। हमारी मांग है कि सरकार ये पोर्टल सिस्टम बंद करे, क्योंकि जब ये सिस्टम नहीं था, तब मंडियों में कभी भी इस प्रकार की स्थितियां पैदा नहीं हुई। न तो फसलों की खरीद हो रही है और न ही समय पर उठान हो रहा है। सरकार के इस पोर्टल-पोर्टल के खेल में किसान व आढ़ती पिसकर रह गए हैं। इस मौके पर आढ़ती राजेंद्र नेहरा, सर्वजीत कंबोज, राजेंद्र कंबोज, मजदूर यूनियन से सोनू व राजेश सहित अन्य आढ़ती व मजदूर उपस्थित थे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

