लखनऊ 15 अप्रैल (आरएनएस ),देश की प्रमुख वाणिज्यिक वाहन निर्माता कंपनी टाटा मोटर्स ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए अपने लखनऊ स्थित संयंत्र से 10 लाखवां वाणिज्यिक वाहन तैयार किया। यह ऐतिहासिक पड़ाव उत्तर प्रदेश में कंपनी की साढ़े तीन दशकों से अधिक की उपस्थिति तथा औद्योगिक उत्कृष्टता, आर्थिक विकास, कौशल विकास और रोजगार सृजन में उसके योगदान को दर्शाता है।यह 10 लाखवां वाहन शून्य-उत्सर्जन वाली विद्युत बस है, जिसे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और टाटा समूह के अध्यक्ष एन. चंद्रशेखरन ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक सहित अनेक मंत्री, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और कंपनी के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि टाटा मोटर्स के लखनऊ संयंत्र से 10 लाखवें ट्रक और बस का तैयार होकर निकलना पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। यह उपलब्धि प्रदेश की क्षमताओं, यहां की अपार संभावनाओं और प्रतिभाशाली मानव संसाधन का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य में उद्योगों और उद्यमियों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।वर्ष 1992 में स्थापित टाटा मोटर्स का लखनऊ संयंत्र आज कंपनी के प्रमुख वाणिज्यिक वाहन निर्माण केंद्रों में शामिल हो चुका है। लगभग 600 एकड़ में फैले इस विशाल परिसर में अंतरराष्ट्रीय स्तर के ट्रक और बसों का निर्माण किया जाता है, जिनमें शून्य-उत्सर्जन वाली विद्युत तथा ईंधन-सेल आधारित वाहन भी शामिल हैं।इस संयंत्र में 8,000 से अधिक लोगों को रोजगार प्राप्त है, जिससे क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है। संयंत्र पूरी तरह नवीकरणीय ऊर्जा से संचालित होता है तथा जल संरक्षण के क्षेत्र में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है। यहां से निर्मित वाहन देश की परिवहन आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ-साथ विदेशों में भी भेजे जाते हैं।कंपनी द्वारा संचालित कौशल विकास कार्यक्रमों के माध्यम से हजारों युवाओं को उद्योग से संबंधित प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। महिलाओं और दिव्यांगजनों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में भी विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।10 लाख वाहन निर्माण का यह ऐतिहासिक पड़ाव उत्तर प्रदेश में औद्योगिक प्रगति और स्वच्छ तथा टिकाऊ परिवहन व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

