लखनऊ, 15 अप्रैल (आरएनएस ) बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय, लखनऊ द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए विश्वविद्यालय परिसर में विद्युत वाहनों के लिए आधुनिक चार्जिंग केंद्र की स्थापना की गई है। यह चार्जिंग केंद्र विश्वविद्यालय के गेट संख्या 01 के निकट स्थित सौर पार्किंग क्षेत्र में स्थापित किया गया है, जिसका उद्घाटन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल द्वारा किया गया।इस अवसर पर कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने कहा कि विश्वविद्यालय सदैव नवाचार और सतत विकास लक्ष्यों को ध्यान में रखकर कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। विद्युत वाहन चार्जिंग केंद्र की स्थापना पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और यह विद्यार्थियों के लिए भी अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा। इससे विद्यार्थियों में स्वच्छ ऊर्जा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी तथा उन्हें आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल तकनीकों से जुडऩे का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहल विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करती हैं और उन्हें पर्यावरणीय चुनौतियों के समाधान में सक्रिय भागीदारी हेतु प्रोत्साहित करती हैं।यह पहल सामाजिक उत्तरदायित्व गतिविधियों के अंतर्गत की गई है, जबकि आवश्यक निर्माण एवं विद्युत व्यवस्था का विकास विश्वविद्यालय के अभियंत्रण अनुभाग द्वारा सफलतापूर्वक किया गया है। इस सुविधा के माध्यम से परिसर में आने वाले विद्युत वाहन उपयोगकर्ताओं को सहज, सुरक्षित और त्वरित ऊर्जा आपूर्ति की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि यह सुविधा परिसर में हरित परिवहन को बढ़ावा देने के साथ-साथ एक स्वच्छ, स्वस्थ और पर्यावरण अनुकूल वातावरण के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। साथ ही यह पहल स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को प्रोत्साहित करने, कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने तथा हरित और सतत परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने में सहायक सिद्ध होगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

