महासमुंद, 15 अप्रैल (आरएनएस)। जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में कोमाखान थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 21.200 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 10 लाख 60 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस को गांजा तस्करी की सूचना मिलने पर टीम ने टेमरी नाका के पास नाकाबंदी की। इस दौरान एक संदिग्ध आयशर ट्रक (क्रमांक ष्टत्र04 एनआर6568) को रोककर जांच की गई। तलाशी के दौरान ट्रक की हेल्पर सीट के पीछे प्लास्टिक बोरी में छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ।
मामले में ओडिशा राज्य के नुआपड़ा जिले के निवासी तीन आरोपियों—लिंगराज दास (30), सुमंत कुमार दुरिया (38) और रमेश बाग (20) को गिरफ्तार किया गया है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गांजा, ट्रक, दो मोबाइल फोन और नगद राशि सहित कुल 25 लाख 81 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। जब्त ट्रक की कीमत लगभग 15 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(1)(सी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, पिछले तीन महीनों में जिले में 70 प्रकरण दर्ज कर कुल 4706.742 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है, जिसमें 184 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। इनमें 50 आरोपी छत्तीसगढ़ के जबकि 134 अन्य राज्यों के हैं।
महासमुंद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

