बिलासपुर, 15 अप्रैल (आरएनएस)। शहर में हुई लाखों रुपये के जेवर और नकदी चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी और चोरी का सोना ठिकाने लगाने में शामिल फाइनेंस कंपनी के मैनेजर को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 5 लाख रुपये का गला हुआ सोना और नगद राशि बरामद की है।
मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है, जहां राजेंद्र नगर निवासी प्रशांत कुमार मिश्रा (34) ने 2 अप्रैल को शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि उनकी माता के चार सोने के कंगन और एक लाख रुपये नगद घर की अलमारी का ताला तोड़कर चोरी कर लिए गए हैं।
जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर आरोपी दीपक पटेल (19), निवासी ग्राम लोफंदी, नयापारा थाना कोनी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी करना कबूल किया। उसने बताया कि चोरी किए गए कंगनों को फाइनेंस कंपनी में गिरवी रखकर लोन लिया गया था।
आगे की जांच में पुलिस को पता चला कि फाइनेंस कंपनी के मैनेजर आजम बेग (25), निवासी धरसीवा (रायपुर), इस मामले में शामिल है। आरोप है कि उसने चोरी के जेवर होने की जानकारी के बावजूद उन्हें स्वीकार किया और बाद में गलाकर ठिकाने लगाने की कोशिश की।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से गला हुआ सोना बरामद किया है। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस मामले में पुलिस ने बीएनएस की धारा 305, 331(4), 111 और 317(2)(4)(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और पूछताछ के दौरान अन्य चोरी के मामलों के खुलासे की भी संभावना जताई जा रही है।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

