कवर्धा, 15 अप्रैल (आरएनएस)। जिला मुख्यालय में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां आर्थिक तंगी और भारी लेन-देन के दबाव में एक युवा व्यापारी ने परिवार के साथ आत्महत्या की कोशिश की है। बताया जा रहा है कि व्यापारी ने अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ जहर का सेवन कर लिया, जिसके बाद सभी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह पूरा मामला कवर्धा कोतवाली क्षेत्र का है।
यह मामला करीब 4 करोड़ रुपये के लेन-देन से जुड़ा हुआ है। व्यापारी पर उधारी का भारी दबाव था और पैसे मांगने पर उसे जान से मारने की धमकियां भी मिल रही थी। जिससे तंग आकर व्यापारी ने परिवार के साथ यह आत्मघाती कदम उठाया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है। वहीं मौके से पुलिस को एक 3 पन्नों का सुसाइड नोट मिला है, जिसमें व्यापारी ने अपनी आर्थिक परेशानियों और लेन-देन से जुड़ी पूरी स्थिति का जिक्र किया है।
सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस मर्ग कायम कर पूरे मामले की जांच कर रही है। फिलहाल सभी पीडि़तों का अस्पताल में इलाज जारी है और उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
मामले में कवर्धा थाना प्रभारी योगेश कश्यप ने बताया कि कवर्धा के निवासी योगेश जैन ने अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ जहर का सेवन कर लिया। घटना की जानकारी मिलते ही उनके भाई के द्वारा सभी को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और डॉक्टरों द्वारा इलाज जारी है। पुलिस पीडि़तों का बयान लेने की तैयारी कर रही थी, लेकिन उनकी हालत ऐसी नहीं है कि वे बयान दे सकें। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है। सुसाइड नोट में उधारी रकम के लेन-देन का जिक्र किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

