मुंबई,16 अपै्रल। भारतीय शेयर बाजार के लिए आज यानी गुरुवार, 16 अप्रैल 2026 की सुबह खुशियां लेकर आई. वैश्विक स्तर पर वाशिंगटन और तेहरान के बीच बढ़ते तनाव में कमी के संकेतों ने निवेशकों के उत्साह को बढ़ा दिया है. इसका सीधा असर दलाल स्ट्रीट पर देखने को मिला, जहाँ सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ही बढ़त के साथ खुले.
बीएसई का बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स आज 566 अंकों यानी 0.73 प्रतिशत की छलांग लगाकर 78,677 के स्तर पर खुला. वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 50 भी 154 अंकों या 0.64 प्रतिशत की तेजी के साथ 24,385 पर कारोबार शुरू करने में कामयाब रहा. बाजार में इस तेजी का मुख्य कारण वैश्विक बाजारों से मिलने वाले सकारात्मक संकेत और खाड़ी क्षेत्र से आ रही राहत भरी खबरें हैं.
बाजार में आई इस हरियाली के पीछे सबसे बड़ी वजह कच्चे तेल के परिवहन के लिए महत्वपूर्ण स्ट्रैट ऑफ हॉर्मुज का स्थायी रूप से खुलना माना जा रहा है. अमेरिकी राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी दी कि तनाव कम हो रहा है और ईरान को हथियारों की आपूर्ति रोकने पर सहमति बनी है. इस खबर ने वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला के ठप होने के डर को खत्म कर दिया है, जिससे कच्चे तेल की कीमतों में स्थिरता आई है. वर्तमान में ब्रेंट क्रूड $95 प्रति बैरल के आसपास कारोबार कर रहा है.
आज के कारोबार में चौतरफा खरीदारी देखने को मिल रही है. विशेष रूप से रियल्टी, मीडिया, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और फाइनेंशियल स्टॉक्स में सबसे ज्यादा बढ़त देखी गई. मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स में भी जोरदार खरीदारी हुई, जहाँ निफ्टी स्मॉलकैप 100 और मिडकैप 100 एक प्रतिशत तक की तेजी के साथ कारोबार कर रहे हैं.
एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई 2 प्रतिशत से ज्यादा ऊपर रहा, जबकि हांगकांग और दक्षिण कोरिया के बाजारों में भी 1-2 प्रतिशत की तेजी देखी गई. इससे पहले अमेरिकी बाजार भी मजबूती के साथ बंद हुए थे, जिसका फायदा भारतीय निवेशकों को मिला.
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

