नई दिल्ली, 16 अपै्रल। ई-कॉमर्स क्षेत्र की दिग्गज कंपनी फ्लिपकार्ट और दुनिया की प्रमुख राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म उबर ने भारतीय ग्राहकों के लिए एक विशेष साझेदारी की घोषणा की है. इस रणनीतिक गठबंधन के तहत फ्लिपकार्ट के लोकप्रिय रिवॉर्ड प्रोग्राम सुपरकॉइन्स को उबर की वाहन सेवाओं के साथ जोड़ दिया गया है. इस कदम का मुख्य उद्देश्य ग्राहकों को उनकी रोजमर्रा की यात्राओं पर अतिरिक्त बचत और लाभ प्रदान करना है.
इस साझेदारी के बाद, उबर का उपयोग करने वाले यात्री अब अपनी हर एलिजिबल (पात्र) राइड पर फ्लिपकार्ट सुपरकॉइन्स कमा सकेंगे. उपयोगकर्ता जब भी उबर के माध्यम से कैब बुक करेंगे, तो उनके कुल किराये का 4 प्रतिशत हिस्सा सुपरकॉइन्स के रूप में उनके खाते में जमा हो जाएगा. उदाहरण के तौर पर, यदि आपकी राइड का किराया 500 रुपये है, तो आपको 20 सुपरकॉइन्स मिलेंगे.
कंपनियों द्वारा जारी बयान के अनुसार, प्रति यात्रा अधिकतम रिवॉर्ड की सीमा 150 सुपरकॉइन्स तय की गई है. हालांकि, ग्राहकों के लिए अच्छी खबर यह है कि कुल कमाई पर कोई ऊपरी सीमा नहीं है; यानी आप महीने भर में जितनी चाहें उतनी राइड्स लेकर कॉइन्स जमा कर सकते हैं. ये अर्जित कॉइन्स सीधे उपयोगकर्ता के फ्लिपकार्ट अकाउंट में रिफ्लेक्ट होंगे.
उबर के जरिए कमाए गए इन सुपरकॉइन्स का उपयोग फ्लिपकार्ट के पूरे इकोसिस्टम में किया जा सकता है. ग्राहक इनका उपयोग फ्लिपकार्ट पर खरीदारी करने, फ्लिपकार्ट मिनट्स से ग्रोसरी मंगवाने, क्लियरट्रिप पर फ्लाइट या होटल बुक करने और अन्य थर्ड-पार्टी पार्टनर सेवाओं का लाभ उठाने के लिए कर सकते हैं.
फ्लिपकार्ट के उपाध्यक्ष (भुगतान और सुपरकॉइन्स) गौरव अरोड़ा ने इस मौके पर कहा, “सुपरकॉइन्स अब ग्राहकों की दैनिक जरूरतों का हिस्सा बन रहा है. उबर के साथ यह एकीकरण हमें ग्राहकों के रोजमर्रा के लेन-देन में और गहराई से जुडऩे की अनुमति देता है.” वहीं, उबर इंडिया के निदेशक अर्नब कुमार ने बताया कि इस साझेदारी से उबर का अनुभव ग्राहकों के लिए और अधिक फायदेमंद और सहज हो जाएगा.
इस सुविधा का लाभ लेने के लिए ग्राहकों को उबर ऐप के एक्टिविटी या अकाउंट सेक्शन में जाकर अपने फ्लिपकार्ट अकाउंट को लिंक करना होगा. एक बार लिंक होने के बाद, रिवॉर्ड की प्रक्रिया स्वचालित हो जाएगी.
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

