जकार्ता, 17 अपै्रल। इंडोनेशिया के पश्चिम कालीमंतन प्रांत में शुक्रवार को एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में हेलीकॉप्टर सवार सभी 8 लोगों की मौत हुई है। इंडोनेशिया की बचाव एजेंसी के प्रमुख मोहम्मद शफी ने बताया कि एयरबस एच-130 हेलीकॉप्टर ने गुरुवार सुबह मेलावी के एक बागान क्षेत्र से उड़ान भरी थी। उसके 5 मिनट बाद वह संपर्क से बाहर हो गया था। हेलीकॉप्टर की खोज शुरू की गई, तो शुक्रवार को वह जंगलों के बीच दुर्घटनाग्रस्त मिला।
रिपोर्ट के मुताबिक, जहां हेलीकॉप्टर का संपर्क टूटा, वह घने जंगलों वाला पहाड़ी इलाका है। बचाव दलों को उस जगह से करीब 3 किलोमीटर दूर पश्चिम में हेलीकॉप्टर के पिछले संदेह का मलबा मिला था। शुक्रवार को सैन्य और पुलिस कर्मियों सहित बचावकर्मी सड़क मार्ग से दुर्घटनास्थल तक किसी तरह पहुंचे। अभी शवों को बरामद करने का काम जारी है। बागान क्षेत्र इंडोनेशियाई ताड़ के तेल कंपनी, सिट्रा महकोटा के स्वामित्व में था और हेलीकॉप्टर मैथ्यू एयर नुसंतारा का था।
इंडोनेशिया के सैन्य अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल नूर्रचमन गिंधा द्राधिज़्या ने बताया कि दुर्घटना का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। स्थानीय बचाव एजेंसी के प्रवक्ता ने बताया कि विमान में 6 यात्री और 2 चालक दल के सदस्य सवार थे, जिनकी मौत की पुष्टि हो गई है। अभी तक 4 शवों को सफलतापूर्वक निकाल लिया गया है और उन्हें बॉडी बैग में रखा गया है, जबकि 3 अन्य हेलिकॉप्टर के मलबे के अंदर ही हैं।
००

