सीतापुर 17 अप्रैल (आरएनएस)। बाबा साहब का सपना था कि समाज में हर व्यक्ति को समान अधिकार और सम्मान मिले, और आज की सरकार उसी दिशा में काम कर रही है। यह बात प्रदेश सरकार के मंत्री असीम अरुण ने अंबेडकर जयंती एवं नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर आयोजित विधानसभा संगोष्ठी में कही। भारतीय जनता पार्टी के तत्वावधान में जनपद की विभिन्न विधानसभाओं में कार्यक्रम आयोजित किए गए। सीतापुर विधानसभा में खैराबाद स्थित एक निजी गेस्ट हाउस में आयोजित संगोष्ठी में मुख्य अतिथि के रूप में मंत्री असीम अरुण, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर विकास राज्य मंत्री एवं सदर विधायक राकेश राठौर गुरु मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला ने की। अपने संबोधन में असीम अरुण ने डॉ. भीमराव अंबेडकर को देश की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि उन्होंने संविधान के माध्यम से भारत को मजबूत लोकतंत्र प्रदान किया। राकेश राठौर गुरु ने बाबा साहब के योगदानों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जीवन समाज के हर वर्ग के लिए प्रेरणास्रोत है। जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार बाबा साहब के आदर्शों पर चलते हुए समान अवसर और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में हरगांव, लहरपुर और सेवता विधानसभाओं में भी संगोष्ठियां आयोजित हुईं, जिनमें क्रमश: सुरेश राही, सुनील वर्मा और अजय गुप्ता मुख्य अतिथि रहे। वहीं महमूदाबाद विधानसभा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें विधायक आशा मौर्य ने कहा कि यह अधिनियम महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।
इनसेट
हरगांव में अंबेडकर सम्मान अभियान के तहत संगोष्ठी आयोजित
फोटो-02
हरगांव/सीतापुर। विकास खंड हरगांव के सभागार में शुक्रवार को भीमराव अंबेडकर सम्मान अभियान के अंतर्गत एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अजय गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कारागार राज्य मंत्री सुरेश राही विशिष्ट अतिथि के तौर पर शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन संजय दीक्षित ने किया। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के जीवन, उनके संघर्षों तथा भारतीय संविधान के निर्माण में उनके अमूल्य योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि अंबेडकर द्वारा स्थापित सामाजिक समरसता, समानता और न्याय के सिद्धांत आज भी समाज को दिशा दे रहे हैं।मुख्य अतिथि अजय गुप्ता ने कहा कि डॉ. अंबेडकर का सच्चा सम्मान तभी संभव है, जब हम उनके विचारों को अपने जीवन में अपनाएं। वहीं, राज्य मंत्री सुरेश राही ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकारें बाबा साहेब के आदर्शों पर चलते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए संकल्पित हैं। कार्यक्रम में रितेश सिंह गौर, सावित्री देवी, पंकज शुक्ला, संजय जायसवाल, विजय मिश्र, कमलेश वर्मा, सुनील मिश्रा, ललित मिश्रा, विमला सिंह, टाइगर राठौर, शेरा सिंह व विनीत कुमार सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अंत में सभी ने बाबा साहेब के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

