बस्ती 2 जुलाई (आरएनएस)। जिले में शत-प्रतिशत नामांकन और प्रत्येक बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोडऩे के उद्देश्य से संचालित स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत गुरुवार को जनपद स्तरीय जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के मुख्य अतिथि गो सेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश शुक्ला ने हरी झंडी दिखाकर रैली को बीएसए प्रांगण से रवाना किया। इस दौरान परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर उनका स्वागत किया। रैली को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ने कहा कि शिक्षा हर बच्चे का मौलिक अधिकार है और उसे विद्यालय तक पहुंचाना समाज की साझा जिम्मेदारी है। क्योंकि शिक्षित समाज ही विकसित राष्ट्र की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि सरकार परिषदीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। ऐसे में अभिभावक अपने बच्चों का समय से विद्यालय में नामांकन कराएं और उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि स्कूल चलो अभियान केवल नामांकन तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और विकसित भारत के निर्माण का मजबूत आधार है। रैली के साथ बेसिक शिक्षा विभाग की योजनाओं से संबंधित आकर्षक झांकियां एवं प्रचार वाहन भी शामिल रहे। इनके माध्यम से निपुण भारत मिशन, ऑपरेशन कायाकल्प, समग्र शिक्षा, नि:शुल्क पाठ्यपुस्तक, यूनिफॉर्म, जूता-मोजा, स्कूल बैग, स्वेटर, मध्यान्ह भोजन और दिव्यांग बच्चों के लिए समावेशी शिक्षा जैसी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। बीएसए अनूप कुमार तिवारी ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना तथा विद्यालय छोड़ चुके बच्चों को पुन: शिक्षा की मुख्यधारा से जोडऩा है। उन्होंने शिक्षकों से घर-घर संपर्क कर अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन कराने का आह्वान किया।रैली में मुख्य रूप से खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार त्रिपाठी, जिला समन्वयक सत्येंद्र चंद्र श्रीवास्तव, जिला समन्वयक सुनील कुमार त्रिपाठी, अमित मिश्र, ईश्वर चंद्र पाण्डेय, स्वप्निल श्रीवास्तव, आलोक त्रिपाठी, एसआरजी आशीष श्रीवास्तव, अनिल कुमार पाण्डेय, जितेंद्र कुमार सिंह, मंजू यादव, शालिनी रानी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
Login
What's Hot
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

