सीतापुर 17 अप्रैल (आरएनएस)। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ0 राजागणपति आर0 ने राष्ट्रीय ताइक्वांडो खिलाड़ी कु0 मुस्कान सिंह को ब्लैक बेल्ट की उपाधि प्राप्त करने एवं राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया। इस दौरान उन्हें प्रमाण पत्र एवं ब्लैक बेल्ट प्रदान करते हुए आगामी प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीतने के लिए प्रेरित किया गया। मुस्कान सिंह ने अपने खेल जीवन में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने 65वीं राष्ट्रीय स्कूल गेम्स 2019 (राजस्थान) में प्रतिभाग किया, 66वीं माध्यमिक प्रदेशीय प्रतियोगिता 2022 (आगरा) में स्वर्ण पदक जीता तथा 66वीं राष्ट्रीय स्कूल गेम्स 2022 के लिए चयनित हुईं। इसके अलावा, उत्तर प्रदेश राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता 2024 (कानपुर) में स्वर्ण, 69वीं माध्यमिक प्रदेशीय विद्यालयी प्रतियोगिता 2025 (मिर्जापुर) में रजत तथा 7वीं ओपन राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता 2025 (लखनऊ) में कांस्य पदक हासिल किया। इस अवसर पर क्रीड़ाधिकारी संजीव कुमार सिंह एवं ताइक्वांडो प्रशिक्षक सुरेंद्र ने भी मुस्कान सिंह को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह में मौजूद अधिकारियों ने इसे जिले के लिए गौरव का क्षण बताया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

