हरगांव/सीतापुर 17 अप्रैल (आरएनएस)। कोतवाली देहात क्षेत्र का एक अनोखा नजारा इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक किसान अपने पम्पिंग सेट को बैलों की गाड़ी पर लादकर पेट्रोल पंप तक डीजल भरवाने पहुंचा। यह दृश्य जहां लोगों के लिए हैरानी का कारण बना, वहीं किसानों की मजबूरी भी उजागर कर गया। बताया जा रहा है कि क्षेत्र के कई पेट्रोल पंपों पर अब कैन में डीजल देने पर रोक लगा दी गई है। ऐसे में सिंचाई के लिए डीजल की तत्काल जरूरत पडऩे पर किसान को यह अनोखा तरीका अपनाना पड़ा। उसने अपने पम्पिंग सेट को बैलगाड़ी पर रखकर सीधे पेट्रोल पंप तक पहुंचाया और वहीं डीजल भरवाया। यह घटना किसानों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर कैन में डीजल की व्यवस्था नहीं होगी, तो छोटे किसानों को इसी तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो न सिर्फ लोगों का ध्यान खींच रहा है, बल्कि किसानों की वास्तविक समस्याओं और जमीनी हकीकत को भी सामने ला रहा है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

