पश्चिम मेदिनीपुर,18 अपै्रल (आरएनएस)। आईआईटी खडग़पुर से एक बार फिर चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां एक 21 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मृतक की पहचान जयवीर सिंह डोडिया के रूप में हुई है, जो मैन्युफैक्चरिंग इंजीनियरिंग के तीसरे वर्ष के छात्र थे। जानकारी के अनुसार, जयवीर अटल बिहारी वाजपेयी हॉल में रहते थे। शनिवार सुबह हॉस्टल के नीचे उनका खून से लथपथ शव बरामद किया गया। आनन-फानन में उन्हें आईआईटी खडग़पुर के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि छात्र ने नेहरू हॉल की छत से कूदकर आत्महत्या की है। हालांकि, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए सच्चाई का पता लगाने की कोशिश कर रही है। मृतक छात्र मूल रूप से अहमदाबाद के बोपल थाना क्षेत्र के निवासी थे। इस घटना के बाद पूरे कैंपस में शोक और चिंता का माहौल है। गौरतलब है कि पिछले 16 महीनों में आईआईटी खडग़पुर में यह आठवीं असामान्य मौत है। इनमें से सात घटनाएं कैंपस के अंदर हुई हैं, जिनमें पांच मामलों में छात्रों के शव फंदे से लटके हुए पाए गए थे। पिछली घटना दिसंबर में सामने आई थी, जब एक छात्र का क्षत-विक्षत शव हिजली रेलवे ट्रैक के पास मिला था। लगातार हो रही इन घटनाओं ने संस्थान की सुरक्षा और छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस जांच जारी है, लेकिन एक के बाद एक हो रही इन घटनाओं से आईआईटी खडग़पुर प्रशासन और देशभर के छात्र समुदाय में चिंता गहराती जा रही है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

