नई दिल्ली,18 अपै्रल (आरएनएस)। राजधानी दिल्ली में बीजेपी महिला मोर्चा ने शनिवार को महिला आरक्षण बिल को लेकर राहुल गांधी के आवास के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया, जिसमें उनके बयानों और कांग्रेस की नीतियों का विरोध किया गया. इस दौरान हज़ारों की संख्या में बीजेपी महिला मोर्चा की कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां लेकर राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी कर रही थी. इस प्रदर्शन में दिल्ली की मुख्यमत्री रेखा गुप्ता, बीजेपी सांसद हेमा मालिनी, सांसद कमलजीत सेहरावत, बांसुरी स्वराज, दिल्ली बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा समेत कई बड़े नेता पहुंचे.
भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने कहा, यहां दिल्ली की समस्त नारी शक्ति एकत्रित हुई है और इस बात का विरोध कर रही है कि कल लोकसभा में विपक्ष के लोगों ने महिला आरक्षण विधेयक को पारित नहीं होने दिया. सभी महिलाएं इस बात से बेहद नाराज़ हैं, इसलिए हम विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. वहीं, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि विपक्षी गठबंधन की मंशा ही इस विधेयक को पास नहीं होने देने की थी. केंद्रीय मंत्री ने इस घटनाक्रम को शर्मनाक और दुखद बताते हुए कहा कि इससे देश की महिलाओं का मनोबल टूटता है.
वहीं, भाजपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि कांग्रेस ने एक बार फिर अपना विकास विरोधी चरित्र प्रदर्शित किया है. उन्होंने जोर देकर कहा कि यह बिल महज एक विधायी प्रक्रिया नहीं थी, बल्कि महिलाओं को लोकसभा और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देकर उन्हें निर्णय लेने की मुख्यधारा में लाने का एक ऐतिहासिक कदम था. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की प्राथमिकता में महिला सशक्तिकरण कभी रहा ही नहीं.
बता दें कि भारत की संसद में वर्तमान में महिलाओं के लिए कोई आरक्षित सीट नहीं है. लोकसभा में केवल लगभग 14 प्रतिशत और राज्यसभा में करीब 17 प्रतिशत सदस्य महिलाएं हैं, जबकि राज्य विधानसभाओं में यह आंकड़ा करीब 10 प्रतिशत के आसपास है. इस घटनाक्रम ने एक बार फिर महिलाओं के राजनीतिक प्रतिनिधित्व के मुद्दे को केंद्र में ला दिया है, और आने वाले समय में इस पर राजनीतिक बहस और तेज होने की संभावना है.
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

