*कोलकाता से जबलपुर और भोपाल का किराना सामान लादकर जा रहा था ट्रक चालक
ड्रमंडगंज, मीरजापुर ,18 अपै्रल (आरएनएस)। कोलकाता से किराना का सामान लादकर मध्य-प्रदेश के जबलपुर और भोपाल जा रहे ट्रक चालक की ड्रमंडगंज पहुंचने पर अचानक तबीयत बिगड़ गई जहां अस्पताल पहुंचने पर ट्रक चालक की मौत हो गई। कोलकाता से किराना का सामान लादकर मध्य-प्रदेश के जबलपुर और भोपाल जा रहे ट्रक चालक 45 वर्षीय परवेज आलम निवासी भोपाल जैसे ही शुक्रवार की रात 11 बजे के करीब मीरजापुर-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित देवहट ड्रमंडगंज गांव में पहुंचा तो अचानक तबीयत बिगड़ गई।ट्रक चालक ने ट्रक हाइवे किनारे खड़ा कर दिया। पीछे आ रहे अपने साथी ट्रक चालक को तबीयत बिगडऩे की जानकारी दी। ट्रक चालक कुछ ही देर में अचेत हो गया। देवहट गांव निवासी सुरेश बिंद ने ट्रक चालक की हालत गंभीर देखकर हेल्पलाइन नंबर 112 पर फोन कर सूचना दी। सूचना पर पहुंचे पीआरवी 6868 के मुख्य आरक्षी अश्वनी मिश्रा ने एंबुलेंस से उपचार हेतु प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हलिया भेजा। जहां पहुंचने पर डा विवेक खरे ट्रक चालक को मृत घोषित कर दिया।डा विवेक खरे ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही ट्रक चालक की मौत हो चुकी थी।मृतक ट्रक चालक के साथी मोहम्मद पुरानुद्दीन निवासी रतन पड़ौली जिला सीवान बिहार ने बताया कि कोलकाता से दोनों लोग अलग-अलग ट्रक पर जबलपुर और भोपाल का किराना सामान लादकर एक साथ ही जा रहे थे जैसे ही वाराणसी रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित ड्रमंडगंज के देवहट गांव में पहुंचे तो अचानक परवेज आलम की तबीयत बिगड़ गई।परवेज को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल ले गए जहां चिकित्सक ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। मृतक ट्रक चालक को डायबिटीज और ब्लड प्रेशर की बीमारी थी। घटना की सूचना परिजनों और ट्रक मालिक को दी गई है। थानाध्यक्ष ड्रमंडगंज भारत सुमन ने बताया कि अस्पताल की सूचना पर मृतक ट्रक चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

