लखनऊ ,18 अपै्रल (आरएनएस)। पीजीआई थाना क्षेत्र में प्लॉट के कूटरचित दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी करते हुए रुपये हड़पने के मामले में पुलिस ने लंबे समय से वांछित चल रहे एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है और उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।पुलिस के अनुसार यह मामला 9 जनवरी 2025 का है, जब वादिनी गायत्री देवी, निवासी बेहटा नथई सिंह, कोरारी कला, जनपद उन्नाव ने थाना पीजीआई में लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया था कि गौरव अवस्थी और अन्य व्यक्तियों ने मिलकर उन्हें प्लॉट बेचने के नाम पर धोखे में रखकर उनसे रुपये हड़प लिए। आरोप है कि अभियुक्तों ने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर प्लॉट का सौदा दिखाया और इस तरह धोखाधड़ी की। इस मामले में थाना पीजीआई में मु0अ0सं0 14/2025 धारा 318(4)/338/336(3)/340(2)/61(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।मामले की विवेचना के दौरान थाना पीजीआई पुलिस टीम लगातार अभियुक्त की तलाश में जुटी हुई थी। इसी क्रम में पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश करते हुए वृन्दावन योजना क्षेत्र में मौजूद थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित अभियुक्त सेक्टर-14 स्थित नहर पुलिया के पास एक कार्यालय में मौजूद है। सूचना को विश्वसनीय मानते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और मुखबिर के इशारे पर एक व्यक्ति को पकड़ लिया।पूछताछ के दौरान पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम गौरव अवस्थी पुत्र शत्रोहन लाल अवस्थी, निवासी ग्राम दैहर थाना मोहनलालगंज, उम्र करीब 40 वर्ष बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक पुराना सैमसंग कंपनी का मोबाइल फोन बरामद हुआ। पुलिस ने अभियुक्त को उसके अपराध से अवगत कराते हुए नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त लंबे समय से मुकदमे में नामजद होने के बावजूद फरार चल रहा था। अब उसे गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है तथा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक दिनकर वर्मा, उपनिरीक्षक राजकपूर यादव, उपनिरीक्षक नितिन सिंह तथा मुख्य आरक्षी आकाश कुमार गुप्ता शामिल रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

