दोपहर 12 बजे तक चलेंगे विद्यालय, 20 अप्रैल से लागू होगा नया समय
प्रयागराज ,18 अपै्रल (आरएनएस)। प्रयागराज जनपद में लगातार बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूली बच्चों के हित में बड़ा फैसला लिया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जनपद के कक्षा 1 से 8 तक के सभी विद्यालयों के समय में बदलाव कर दिया गया है।
जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में जारी इस आदेश के तहत सुबह 07:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक। जो कि 20 अप्रैल से लागू होगा। जनपद के अंतर्गत आने वाले सभी शिक्षण संस्थानों पर अनिवार्य रूप से लागू होगा, जिनमें परिषदीय विद्यालय, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त विद्यालय, सीबीएसई, आईसीएसई और अन्य सभी बोर्डों के विद्यालय शामिल हैं।
पिछले कुछ दिनों से तापमान में भारी वृद्धि और ‘लू’ के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए यह कदम उठाया गया है। दोपहर की चिलचिलाती धूप से बच्चों को बचाने के लिए छुट्टी का समय 12:00 बजे निर्धारित किया गया है।
बीएसए ने बताया है कि इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। आदेश की प्रतियां शिक्षा निदेशक, मुख्य विकास अधिकारी और सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को भेज दी गई हैं ताकि जिले के हर क्षेत्र में इसे तुरंत लागू किया जा सके।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

