बड़े एक्शन की तैयारी
सुल्तानपुर,18 अपै्रल (आरएनएस)। नगर क्षेत्र में संचालित रजा हॉस्पिटल को लेकर सोशल मीडिया पर उठे सवालों के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम जांच के लिए मौके पर पहुंच गई है।
बताया जा रहा है कि रजा हॉस्पिटल में मानकों की अनदेखी और अनियमितताओं की शिकायतें सामने आई थीं, जिसके बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच टीम गठित की। टीम द्वारा अस्पताल के दस्तावेज, लाइसेंस और चिकित्सा सुविधाओं की बारीकी से जांच की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक जिले में बिना लाइसेंस संचालित अस्पताल, फर्जी डिग्री धारक डॉक्टर, मानकविहीन नर्सिंग होम, ग्रामीण इलाकों में चल रहे अवैध क्लीनिक, पैथोलॉजी और अल्ट्रासाउंड सेंटर प्रशासन की रडार पर हैं। इन संस्थानों पर लंबे समय से आम जनता का शोषण करने के आरोप लगते रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार और संगठित अनियमितताओं के खिलाफ समाजसेवियों ने भी मोर्चा खोल दिया है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद अब जिले में बड़े स्तर पर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि आने वाले दिनों में कई और संस्थानों पर छापेमारी और कड़ी कार्रवाई देखने को मिल सकती है, जिससे अवैध स्वास्थ्य सेवाओं पर रोक लगाई जा सके।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

