बल्दीराय/सुलतानपुर,18 अपै्रल (आरएनएस)। बल्दीराय क्षेत्र के मिझूठी महादेवन में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में 30 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा दो तेज रफ्तार मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर से हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अयोध्या जिले के इनायत नगर थाना क्षेत्र के मरेवा सेहरा निवासी रामजी मौर्य (पुत्र गंगा राम मौर्य) अपनी ससुराल गौरा बारामऊ (बल्दीराय) से मोटरसाइकिल द्वारा घर लौट रहे थे। जैसे ही वह मिझूठी महादेवन पहुंचे, सामने से आ रही एक अन्य तेज रफ्तार बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि रामजी मौर्य गंभीर रूप से घायल हो गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बल्दीराय थाना प्रभारी महेंद्र प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, टक्कर मारने वाला बाइक चालक मौके से फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो नाबालिग बच्चों को छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

