सुलतानपुर ,18 अपै्रल (आरएनएस)। नगर पालिका परिषद ने आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए शहर में व्यापक सफाई अभियान की शुरुआत कर दी है। इस अभियान का शुभारंभ पालिकाध्यक्ष प्रवीण कुमार अग्रवाल ने करौंदिया नाले की सफाई कार्य को हरी झंडी दिखाकर किया।
नगर क्षेत्र के करीब 30 बड़े और मझोले नालों के साथ-साथ सभी वार्डों की नालियों की तल्लीझार सफाई कराई जाएगी। पालिकाध्यक्ष ने बताया कि बरसात के दौरान जलभराव और जल निकासी की समस्या से संक्रामक रोग फैलने का खतरा बढ़ जाता है, साथ ही आम लोगों को आवागमन में भी दिक्कत होती है। इन समस्याओं से पहले ही निपटने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। सफाई कार्य को तेज़ी से पूरा करने के लिए जेसीबी और नाला मैन मशीनों का उपयोग किया जा रहा है। इसके अलावा झारखंड से 50 प्रशिक्षित श्रमिकों को भी बुलाया गया है, ताकि बारिश शुरू होने से पहले सभी नालों की सफाई पूरी हो सके।
वहीं संकरी गलियों में कूड़ा उठान की समस्या को देखते हुए सभी वार्डों में सफाई कर्मचारियों को नई हत्थू ठेला गाडिय़ां भी वितरित की गई हैं, जिससे डोर-टू-डोर कलेक्शन व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके। पालिकाध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नालों की गहराई तक सफाई कराई जाए और निकाले गए सिल्ट को तुरंत हटाकर उसका निस्तारण किया जाए, ताकि वह दोबारा नालियों में न जाए। साथ ही उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि नालों पर किए गए अतिक्रमण को स्वयं हटा लें, अन्यथा सफाई अभियान के दौरान कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर कई सभासद, पालिका कर्मचारी और स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

