अभिनेत्री मृणाल ठाकुर को अजय देवगन अभिनीत फिल्म सन ऑफ सरदार 2 में देखा गया था। हालांकि, फिल्म बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिरी। उधर मृणाल का भी इस फिल्म में काम करने का अनुभव अच्छा नहीं रहा। हाल ही में उन्होंने खुलासा किया कि इस फिल्म में हुए अचानक बदलावों और उनकी भूमिका के साथ किए गए रचनात्मक समझौतों ने उन्हें काफी आहत किया। क्या कुछ बोलीं मृणाल, आइए जानते हैं।
मृणाल ने स्वीकार किया कि फिल्म का फाइनल कट देखने के बाद उनका विश्वास डगमगा गया। उन्होंने बताया कि उन्हें ये जानकारी नहीं थी कि फिल्म में चंकी पांडे उनके पति की भूमिका निभाएंगे। एक सीनियर एक्टर का उनके पति के रूप में होना उनके लिए अप्रत्याशित था। जब 33 वर्षीय अभिनेत्री को ये बात पता चली तो वो दंग रह गईं। इन बातों ने न केवल मृणाल को झकझोर दिया, बल्कि इससे उनके भरोसे को भी ठेस पहुंची है।
मृणाल बोलीं, मुझे नहीं पता था कि एक बहुत ही सीनियर अभिनेता मेरे पति की भूमिका निभाने वाले हैं, क्योंकि ये चीज मेरी… उस उम्मीद को ही बदल देती है, जो मैंने इस फिल्म से की थी तो वहां मैं नाकाम रही, क्योंकि वहां मेरा भरोसा डगमगा गया था, लेकिन आप जानते हैं क्या, मुझे कोई पछतावा नहीं है। विजय कुमार अरोड़ा के निर्देशन में बनी इस फिल्म में मृणाल ने अभिनेता चंकी पांडे की पत्नी की भूमिका निभाई थी।
मृणाल ने एक बेहद भावुक दृश्य का जिक्र किया, जहां वो अपनी भतीजी के बेहतर भविष्य के लिए अपनी निजी जिंदगी का त्याग कर देती हैं। वो बोलीं, मुझे नहीं पता था कि मेरे 2 इतने महत्वपूर्ण दृश्य एडिटिंग के दौरान काट दिए जाएंगे… वो पूरी कहानी ही गायब थी। हालांकि, मृणाल ने स्पष्ट किया कि इन सब के बावजूद उनके मन में कोई कड़वाहट नहीं है। फिल्म की टीम के साथ उनके संबंध आज भी मधुर हैं।
साल 2012 में आई सुपरहिट फिल्म की अगली कड़ी, सन ऑफ सरदार 2 में कई शानदार कलाकार नजर आए। इसमें अजय देवगन ने एक बार फिर जस्सी की भूमिका निभाई, मृणाल राबिया के रूप में दिखीं और उनके साथ रवि किशन, नीरू बाजवा, दीपक डोबरियाल ने भी फिल्म में अहम किरदार निभाए। हालांकि, 150 करोड़ रुपये के बजट में बनी ये फिल्म दुनियाभर में महज 60 करोड़ रुपये जुटा पाई थी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

