अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की सुपरहिट जोड़ी ने 14 साल बाद पर्दे पर वापसी करते हुए बॉक्स ऑफिस पर शानदार वापसी की है। फिल्म भूत बंगला ने अपने पहले ही दिन उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन किया है। फिल्म की इस शुरुआत ने इस साल रिलीज हुईं कई फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है। लंबे इंतजार के बाद अक्षय अपनी पसंदीदा शैली हॉरर-कॉमेडी में वापस लौटे हैं। आइए जानें उनकी इस फिल्म ने पहले दिन कितने करोड़ रुपये कमाए हैं।
अक्षय की भूत बंगला पहले दिन रणवीर सिंह की धुरंधर 2 या सनी देओल की बॉर्डर 2 को टक्कर नहीं दे पाई। हालांकि, इसने शाहिद कपूर की ओरोमियो से लेकर रानी मुखर्जी की मर्दानी 3, वीर दास की हैप्पी पटेल और अस्सी जैसी 2026 में रिलीज हुई अन्य फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है और बॉलीवुड में 2026 की तीसरी सबसे बड़ी ओपनिंग का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। फिल्म ने पहले दिन 15.75 करोड़ रुपये कमाए हैं।
अक्षय ने ओरोमियो (9.01 करोड़) और श्रीराम राघवन की बहुचर्चित इक्कीस (7.28 करोड़) जैसी फिल्मों को बड़े अंतर से पछाड़ दिया है। रानी मुखर्जी की मर्दानी 3 भी भूत बंगले के सामने टिक नहीं पाई और महज 4 करोड़ पर सिमट गई। दो दीवाने शहर में, हैप्पी पटेल, अस्सी और राहु केतु जैसी फिल्में 1-1.25 करोड़ के बीच संघर्ष करती रहीं। अक्षय के भूतिया जादू के आगे इन फिल्मों की चमक फीकी पड़ गई।
इस फिल्म में अक्षय के साथ वामिका गब्बी, तब्बू, परेश रावल और राजपाल यादव जैसे कलाकार नजर इा रहे हैं। दर्शकों के लिए भावुक पल तब आता है, जब वे पर्दे पर दिवंगत अभिनेता असरानी को देखते हैं। मिथिला पारकर और जीशु सेनगुप्ता भी अपने-अपने किरदार में जंचे हैं। हालांकि, इस फिल्म की सबसे बड़ी यूएसपी अक्षय कुमार की कॉमिक टाइमिंग और डबल रोल है। उनका गेटअप इतना अलग है कि दर्शक देखते रह जाते हैं।
भूत बंगला ने घरेलू एडवांस बुकिंग के जरिए ही 3.32 करोड़ का कारोबार कर लिया था, जिसने फिल्म की मजबूत ओपनिंग के संकेत दे दिए थे। फिल्म के लिए आयोजित किए गए पेड प्रीव्यू को दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला, जिससे फिल्म की झोली में 3.50 करोड़ और आ गिरे। यही कारण है कि फिल्म की पहले दिन की कुल कमाई बढिय़ा नजर आ रहा है। फिल्म वीकेंड पर भी बड़े रिकॉर्ड बना सकती है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

