बलरामपुर, 19 अप्रैल (आरएनएस)। सहायक शिक्षक/समग्र शिक्षक फेडरेशन की ब्लॉक स्तरीय कार्यकारिणी समिति का गठन ब्लॉक अध्यक्ष लवंग साय राही के नेतृत्व एवं जि़लाध्यक्ष देव नारायणन गुप्ता के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर संगठन को सशक्त बनाने तथा विभिन्न शैक्षणिक और सेवा संबंधी मुद्दों पर प्रभावी ढंग से कार्य करने के उद्देश्य से नई कार्यकारिणी का विस्तार किया गया। समिति में विभिन्न पदों पर पदाधिकारियों को दायित्व सौंपे गए।
बैठक के दौरान सुप्रीम कोर्ट द्वारा टीईटी अनिवार्यता के निर्णय के विरोध में चल रहे देशव्यापी आंदोलन पर भी चर्चा की गई। वक्ताओं ने बताया कि इस निर्णय के विरोध में देशभर के शिक्षक लामबंद हैं और निरंतर आंदोलन एवं प्रदर्शन जारी हैं। ऐसे समय में संगठन को और अधिक मजबूत करने तथा आंदोलन को गति देने की आवश्यकता पर बल दिया गया।
जि़ला प्रवक्ता प्रभाकर मुखर्जी ने अपने संबोधन में टीईटी अनिवार्यता, सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति, समयमान वेतन, क्रमोन्नत वेतन एवं पदोन्नति जैसे ज्वलंत मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों से आह्वान किया कि वे संगठन की मजबूती के लिए पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ कार्य करें।
कार्यक्रम के अंत में ब्लॉक अध्यक्ष लवंग साय राही ने संगठन के प्रति ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने सभी शिक्षकों से एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने और संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

