नई दिल्ली 20 April, (Rns) /- उत्तर भारत समेत देश के कई राज्य भीषण गर्मी की चपेट में हैं। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में लू चलने की बहुत अधिक संभावना है। वहीं, झारखंड, ओडिशा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और सिक्किम समेत कई राज्यों में बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी यूपी, पश्चिमी राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 23 अप्रैल तक हीटवेव (लू) की चेतावनी जारी की गई है। दिल्ली में भी तापमान बढ़ गया है और लोग गर्मी से परेशान हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान मध्य प्रदेश, मराठवाड़ा, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, पूर्वी उत्तर प्रदेश, विदर्भ, आंतरिक ओडिशा, रायलसीमा, झारखंड, राजस्थान और गुजरात में दिन का अधिकतम तापमान 40°C-45°C के बीच दर्ज किया गया।

