लखनऊ 20 अप्रैल (आरएनएस ) के थाना हुसैनगंज पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जानलेवा हमला करने वाले एक आरोपी को महज चार घंटे के भीतर गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक चाकू और एक ऑटो भी बरामद किया है।पुलिस आयुक्त के निर्देशानुसार अपराध और अपराधियों पर नियंत्रण तथा वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त (मध्य) के पर्यवेक्षण, अपर पुलिस उपायुक्त (मध्य) तथा सहायक पुलिस आयुक्त (हजरतगंज) के मार्गदर्शन में थाना हुसैनगंज पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। थानाध्यक्ष शिवमंगल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना हुसैनगंज पर पंजीकृत मुकदमा अपराध संख्या 0048/2026 धारा 109(1) बीएनएस व 4/25 आयुध अधिनियम से संबंधित अभियुक्त को गिरफ्तार किया।घटना के संबंध में दिनांक 20 अप्रैल 2026 को वादी द्वारा थाना हुसैनगंज पर सूचना दी गई थी कि ऑटो में सवारी बैठाने को लेकर हुए विवाद में प्रतिवादी ने वादी के भाई राकेश कुमार धानुक पर जान से मारने की नीयत से चाकू से कई वार किए। इस हमले में राकेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए और लहूलुहान अवस्था में उन्हें उपचार के लिए भेजा गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी।पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त सुशील कुमार पुत्र श्रीराम निवासी मकान संख्या 111, ग्राम राती, थाना निगोहां, जनपद लखनऊ, उम्र लगभग 30 वर्ष को दिनांक 20 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 1:30 बजे छत्ता वाला पुल के पास केकेसी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक चाकू बरामद किया गया। साथ ही घटना में प्रयुक्त ऑटो संख्या यूपी 32 केएन 6441 को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया।पुलिस द्वारा गिरफ्तार अभियुक्त को आवश्यक विधिक कार्यवाही पूर्ण करने के उपरांत माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। वहीं अभियुक्त के आपराधिक इतिहास के संबंध में अन्य थानों और जनपदों से जानकारी एकत्र की जा रही है।इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष शिवमंगल सिंह, उपनिरीक्षक गौरव सिंह, उपनिरीक्षक शिवम वर्मा तथा कांस्टेबल मोहित कुमार सहित थाना हुसैनगंज पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

