लखनऊ 20 अप्रैल (आरएनएस ) पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) के नगरीय विद्युत निर्माण खण्ड-द्वितीय, सिगरा द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार लोक निर्माण विभाग द्वारा कराए जा रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य के चलते 21 अप्रैल 2026 (मंगलवार) को वाराणसी के कई क्षेत्रों में निर्धारित समय के लिए विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। निगम ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण में बाधक बन रहे विद्युत पोलों की शिफ्टिंग, लाइन रिकंडक्टरिंग, पेड़ कटिंग तथा वीसीबी बदलने जैसे आवश्यक कार्य किए जाने हैं, जिसके लिए शटडाउन लेना अनिवार्य है।जारी सूचना के अनुसार 132/33 केवी उपकेंद्र दौलतपुर से जुड़े 11 केवी भक्ति नगर फीडर क्षेत्र में सुबह 11:00 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक लगभग 2 घंटे का शटडाउन रहेगा। इस अवधि में अकथा गांव, बजरंग नगर, संजय नगर, जी.डी. नगर, भक्ति नगर, विश्वनाथपुरी तथा आसपास के क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। इस दौरान रोड चौड़ीकरण कार्य के अंतर्गत बाधक बन रहे पेड़ों की कटाई तथा लाइन शिफ्टिंग का कार्य संपादित किया जाएगा।इसी प्रकार 33 केवी पाण्डेयपुर उपकेंद्र से जुड़े 11 केवी लालपुर फीडर क्षेत्र में दोपहर 12:00 बजे से सायं 03:00 बजे तक लगभग 3 घंटे की अवधि के लिए विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। इस दौरान पाण्डेयपुर चौराहा, लालपुर मस्जिद के आसपास के क्षेत्र तथा अन्य संबंधित इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी। यहां भी सड़क चौड़ीकरण कार्य के चलते लाइन शिफ्टिंग और पेड़ कटिंग का कार्य किया जाएगा।विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता ने आमजन से अपील की है कि निर्धारित अवधि के दौरान होने वाली असुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक तैयारियां पहले से कर लें और कार्य पूर्ण होने तक सहयोग प्रदान करें। निगम ने असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए कहा है कि यह कार्य जनहित और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के उद्देश्य से कराया जा रहा है।निगम ने नागरिकों से बिजली के समुचित उपयोग और बचत की भी अपील की है तथा “राष्ट्रहित में बिजली बचाएं” का संदेश देते हुए सभी उपभोक्ताओं से सहयोग की अपेक्षा जताई है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

