आजमगढ़ 20 अप्रैल(आर एन एस)जनपद के बरदह थाना अंतर्गत ग्राम मिर्जा जगदीशपुर में रविवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गांव निवासी इंदल (50) पुत्र स्वर्गीय बलजोर की एक चार पहिया वाहन की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इंदल रविवार शाम लगभग 7:30 बजे सराय मोहन सर्विसिंग के पास गए हुए थे। वहां से घर लौटते समय जैसे ही वह सड़क पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात चार पहिया वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार फरार हो गई टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बरदह थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। साथ ही, वाहन की पहचान और चालक की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
मृतक अपने पीछे एक बड़ा परिवार छोड़ गए हैं। उनके दो बेटे और तीन बेटियां हैं, जिनमें से एक बेटा और तीन बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि एक बेटा अभी अविवाहित है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। पत्नी मुनाकी का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

