आजमगढ़ 20 अप्रैल(आर एन एस)जहानागंज नगर पंचायत क्षेत्र स्थित प्रतिष्ठित कैंब्रिज मॉडर्न स्कूल में सोमवार को माताओं को समर्पित ‘मातृ वंदनÓ कार्यक्रम अत्यंत भव्य एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में भावनाओं का ऐसा सागर उमड़ा कि उपस्थित अभिभावक एवं अतिथि भावविभोर हो उठे।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के संस्थापक राकेश कुमार सिंह एवं गोल्डी सिंह द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला प्रारंभ हुई, जिसने देर तक सभी को मंत्रमुग्ध बनाए रखा।
विद्यार्थियों ने ‘मां ओ मेरी मांÓ गीत पर भावपूर्ण प्रस्तुति देकर मातृ प्रेम की अनुपम झलक प्रस्तुत की। इसके अलावा जोकर थीम डांस एवं पर्यावरण जागरूकता पर आधारित नाट्य प्रस्तुति ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। बच्चों की प्रतिभा और उनके आत्मविश्वास ने कार्यक्रम को विशेष ऊंचाई प्रदान की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की वार्षिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। साथ ही उनकी माताओं को भी स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया, जो कार्यक्रम का सबसे आकर्षक और सराहनीय पहल रहा।
अपने संबोधन में प्रबंधक राकेश कुमार सिंह ने कहा कि किसी भी बच्चे के जीवन और उसके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में मां की भूमिका सर्वोपरि होती है। एक सफल विद्यार्थी के पीछे मां का त्याग, समर्पण और अथक परिश्रम ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति होती है। इसी उद्देश्य के साथ विद्यालय परिवार द्वारा ‘मातृ वंदनÓ कार्यक्रम के माध्यम से माताओं को सम्मान देने का प्रयास किया गया है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुमार पांडे ने भी कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों में संस्कार, सम्मान और सामाजिक मूल्यों को विकसित करने में सहायक होते हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षकगण एवं स्टाफ—विपुल, भृगुनाथ, रंजना, कंचन, नेहा, सुमन ज्योति सहित समस्त कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा। अंत में विद्यालय प्रबंधन ने सभी अभिभावकों एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

