सीतापुर 20 अप्रैल (आरएनएस)। रेउसा के मुख्य चैराहे स्थित बिसवां रोड पर सोमवार सुबह भीषण आग लगने से दो दुकानें जलकर राख हो गईं, जिससे लाखों रुपये का नुकसान हो गया। घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, फैजान इलेक्ट्रीशियन ऑटो मोबाइल और सफीक ऑटो मोबाइल शॉप में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और दुकानों में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। सुबह करीब आठ बजे स्थानीय लोगों ने दुकानों से धुआं और तेज लपटें उठती देखीं, जिसके बाद हड़कंप मच गया और लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही रेउसा पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आग नहीं बुझाई जाती, तो आसपास की कई अन्य दुकानें भी इसकी चपेट में आ सकती थीं और बड़ा नुकसान हो सकता था। प्राथमिक अनुमान के अनुसार इस हादसे में करीब 10 लाख रुपये का नुकसान बताया जा रहा है। वहीं दुकान स्वामी सफीक ने आरोप लगाया कि उनकी दुकान के पीछे अक्सर कूड़ा डाला जाता है और उसमें आग लगा दी जाती है, संभवत: उसी से आग फैलकर दुकानों तक पहुंची। घटना की सूचना पर रेउसा थानाध्यक्ष हनुमंत तिवारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आग लगने के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
इनसेट
मधवापुर जलालपुर में घर में लगी आग, ग्रामीणों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा==
फोटो-02
बिसवां/सीतापुर। तहसील क्षेत्र के मधवापुर जलालपुर गांव में सोमवार शाम एक घर में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, शाम करीब 4:30 बजे मंसूर अली के घर में अज्ञात कारणों से आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और घर से धुआं व तेज लपटें उठने लगीं। आग की चपेट में आकर गृहस्थी का अधिकांश सामान जलकर राख हो गया, जिससे परिवार को भारी नुकसान उठाना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और बिना देर किए आग बुझाने में जुट गए। ग्रामीणों के सामूहिक प्रयास और तत्परता के चलते कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। सूचना पाकर फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। वहीं, क्षेत्रीय लेखपाल ने पहुंचकर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि इस आगजनी में करीब 15 हजार रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

