हरगांव/सीतापुर 20 अप्रैल (आरएनएस)। हरगांव थाना क्षेत्र में सोमवार को एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जब दबंगों ने एक परिवार पर हमला कर दिया। इस घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, सरावां गांव के मजरा पंडित पुरवा में रविवार रात एक शादी समारोह के दौरान लतीफ पक्ष और अनीस पक्ष के लोगों के बीच गाली-गलौज व कहासुनी हो गई थी। मौके पर मेवारामनगर चैकी पुलिस भी पहुंची थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। आरोप है कि इसी लापरवाही के चलते विवाद ने अगले दिन हिंसक रूप ले लिया। पीडि़त लतीफ ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि विवाद से नाराज होकर विपक्षी अनीस, मुजाहिम, शरीफ और शकील ने सरावां चैराहे पर उसे लाठी-डंडों व बांके से हमला कर घायल कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे इस्लाम, बाबू और शफीक को भी हमलावरों ने बुरी तरह पीटा, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। मेवारामनगर चैकी प्रभारी बसंत कुमार ने बताया कि पहले कहासुनी हुई थी, जिसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट हुई। पुलिस ने घायलों का मेडिकल परीक्षण कराकर मामले में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

