– प्रशासन ने दी सफाई
सीतापुर 20 अप्रैल (आरएनएस)। जवाहर लाल नेहरू पॉलीटेक्निक महमूदाबाद के स्वर्ण जयंती समारोह के दौरान मंच पर बोतल लहराने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद संस्थान प्रशासन ने इस पर स्पष्टीकरण जारी किया है। कॉलेज के प्रधानाचार्य सीपी त्रिपाठी ने बताया कि सोशल मीडिया पर कुछ सेकेंड की अधूरी क्लिप डालकर संस्थान की छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह दृश्य पूर्व छात्रों द्वारा प्रस्तुत एक नाटक का हिस्सा था, जिसमें प्रस्तुति के दौरान पात्र द्वारा हाथ में बोतल पकड़ी गई थी। प्रधानाचार्य ने कहा कि इस घटना का शराब से कोई संबंध नहीं है और इसे गलत तरीके से प्रस्तुत किया जा रहा है। पूर्व छात्रों ने भी इस मामले में अपना स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि यह केवल मंचीय प्रस्तुति का हिस्सा था।संस्थान प्रशासन ने दोहराया कि जवाहर लाल नेहरू पॉलीटेक्निक विद्यार्थियों के शैक्षिक और नैतिक विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इस तरह की भ्रामक खबरों से बचने की अपील की है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

