जौनपुर 21 अप्रैल (आरएनएस)। भारतीय किसान यूनियन (बीकेयू) ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित धरना स्थल पर किसान पंचायत का आयोजन किया। इस पंचायत में किसानों, गरीबों और मजदूरों से संबंधित विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई। जिलाध्यक्ष शैलेश वर्मा ने इसकी अध्यक्षता की। इस दौरान जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित एक 12 सूत्रीय मांगपत्र जिला प्रशासन को सौंपा गया। मांग पत्र में किसानों के मनमाने बिजली बिलों को ठीक करने और जनपद में चीनी मिल स्थापित कर किसानों को आर्थिक लाभ पहुंचाने की प्रमुख मांगें शामिल थीं। इसके साथ ही, किसानों की सुविधा के लिए प्रत्येक न्याय पंचायत स्तर पर मिट्टी जाँच केंद्र खोलने की भी मांग की गई। अन्य मांगों में किसानों की खतौनी में हुई त्रुटियों को शीघ्र सुधारना, किसानों को परेशान करने वाले लेखपालों पर कार्रवाई करना और प्रत्येक न्याय पंचायत में कृषि विद्यालय खोलना शामिल था। ग्राम की सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त करने की मांग भी उठाई गई।किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड पर ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराने की मांग भी की गई। ग्रामसभा कटवार में मंजू विश्वकर्मा के रास्ते खुलवाने के प्रार्थना पत्र पर कार्रवाई न होने का मुद्दा भी उठाया गया। इसमें रास्ते पर गंदे पानी के बहाव को रोकने और अवैध कब्जे को तुरंत हटाने की मांग की गई।ब्लॉक रामनगर के अंतर्गत ईदगाह मडिय़ाहूं से मैनपुर तक खराब सड़क के मानक विरुद्ध निर्माण की जाँच कर उसे नियमानुसार बनवाने की मांग की गई। इसके अतिरिक्त, ग्राम समाज की बंजर भूमि पर भू-माफियाओं द्वारा किए जा रहे कब्जे और बिक्री पर तत्काल रोक लगाने की भी मांग की गई।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

