इंद्रजीत सिंह ने संभाला कार्यभार, भ्रष्टाचार पर सख्त रुख
सुल्तानपुर 21 अप्रैल (आरएनएस)। जिले में मंगलवार को आईएएस अधिकारी इंद्रजीत सिंह ने नए जिलाधिकारी के रूप में कार्यभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए प्रशासन की प्राथमिकताओं और शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर अपना स्पष्ट दृष्टिकोण रखा।
नए जिलाधिकारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं को जिले में पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ लागू किया जाएगा। उन्होंने पूर्व जिलाधिकारी कुमार हर्ष से मुलाकात कर उनके द्वारा शुरू किए गए विकास कार्यों को आगे बढ़ाने और उन्हें गति देने का आश्वासन भी दिया। इसके लिए उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले की वर्तमान स्थिति और चल रही परियोजनाओं की समीक्षा की।
इंद्रजीत सिंह ने आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पोर्टल और अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा। साथ ही, राजस्व न्यायालयों में लंबित मामलों को भी गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध न्याय सुनिश्चित करने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री के निर्देशों का हवाला देते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्य संस्कृति में सुधार लाने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी समय पर कार्यालय पहुंचें और जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनें। किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी डीएम ने कड़ा रुख अपनाया। आरटीओ, सीडीओ और डीपीआरओ जैसे विभागों में शिकायतों के संबंध में उन्होंने कहा कि जल्द ही सभी संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दो टूक कहा कि भ्रष्टाचार किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने जिला कोषागार में विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। इस दौरान सीडीओ विनय कुमार सिंह, एडीएम गौरव शुक्ला, एडीएम (वित्त एवं राजस्व) राजेश सिंह, सीआरओ बाबूराम, एसडीएम सदर बिपिन द्विवेदी और नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी लाल चंद्र सरोज समेत कई अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

