जांच करने पहुंचे डीपीओ
जांच में शिकायत की हुई पुष्टि, जिम्मेदारों पर कार्रवाई का आश्वासन
लंभुआ विकास खण्ड के ग्राम पंचायत मकसूदन के आंगनबाड़ी केंद्र का मामला
लंभुआ/सुल्तानपुर 21 अप्रैल (आरएनएस)। लंभुआ विकास खंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत मकसूदन स्थित आंगनबाड़ी केंद्र से वितरित किए गए पुष्टाहार में कीड़े मिलने की शिकायत सामने आई है। शिकायत की पुष्टि होने पर जिला कार्यक्रम अधिकारी ने पुष्टाहार को कब्जे में लेकर सीज कर दिया है।
लाभार्थी एवं भारतीय किसान यूनियन आजाद हिंद के राष्ट्रीय सचिव धीरेंद्र प्रताप सिंह ने मुख्य विकास अधिकारी, सुल्तानपुर से दूरभाष पर शिकायत दर्ज कराई थी कि केंद्र से वितरित दाल एवं दलिया में कीड़े पाए गए हैं। शिकायत पर सीडीपीओ प्रवीण कुमार विश्वकर्मा एवं डीपीओ शरद त्रिपाठी ने आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचकर जांच की। जांच में शिकायत की पुष्टि हुई। डीपीओ ने केंद्र पर उपलब्ध पुष्टाहार को अपने कब्जे में लेकर सीज कर दिया।
डीपीओ शरद त्रिपाठी ने बताया कि जिम्मेदार अधिकारी एवं कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि गुणवत्ता विहीन पुष्टाहार का वितरण नहीं होने दिया जाएगा।वहीं श्री सिंह ने बताया कि उनके एवं संगठन के पदाधिकारी जिला सचिव कृष्ण कुमार सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष सनी सिंह, सदस्य जमाल अहमद द्वारा कई ग्राम पंचायतों के आंगनबाड़ी केंद्रों की जांच की गई और पुष्टाहार में खामियां पाई गईं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

